Share

हैलो बीकानेर न्यूज़ नेटवर्क, www.hellobikaner.in,                                      जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेम चंद बैरवा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई नेताओं ने धौलपुर में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।  बागडे ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है। शर्मा ने इस हादसे पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि धौलपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित एवं त्वरित चिकित्सीय उपचार सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की। इसी तरह दिया कुमारी ने कहा कि धौलपुर में राज्य मार्ग 11बी पर हुए हृदय विदारक सड़क हादसे में कई लोगों की हुई असमय मृत्यु अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वह दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को इस असीम पीड़ा को सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

परिवहन मंत्री डा बैरवा ने कहा कि धौलपुर राज्य राजमार्ग 11बी पर हुए भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मृत्यु का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रादेशिक परिवहन अधिकारी भरतपुर घटनास्थल पर जाने के निर्देश दिए गए है तथा एक उच्च स्तरीय समिति का गठन कर जिसमें एडीएम, एडीशनल एसपी एवं आरटीओ सदस्य रहेगें उन्हें इस दुर्घटना के विषय में विस्तृत जांच कराने के भी निर्देश भी दिए गए है। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य संबंधित समय समय पर जानकारी ली जा रही है एवं उचित चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के भी निर्देश दिए है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की। इसी प्रकार  गहलोत, मदन राठौड़,  डोटासरा , भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा के प्रभारी डा सतीश पूनियां सहित कई नेताओं ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की।

About The Author

Share

You cannot copy content of this page