hellobikaner.com

Share

हैलो बीकानेर न्यूज़ नेटवर्क, www.hellobikaner.com, बीकानेर। शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने कहा कि शिक्षा उज्ज्वल भविष्य के ताले की चाबी है। शिक्षा मंत्री ने शनिवार को बिन्नानी कन्या महाविद्यालय की नव आगंतुक छात्राओं और राजकीय सेवाओं में चयनित महाविद्यालय की पूर्व छात्राओं के लिए आयोजित कार्यक्रम में यह उद्गार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि राजकीय सेवाओं में चयनित छात्राओं को उच्च सेवाओं की परीक्षाओं के लिए तैयार रहना चाहिए।

 

 

 

शिक्षा मंत्री ने कहा कि बच्चे समय का सही प्रबंध करें तथा मोबाइल का कम से कम उपयोग करें। विद्यार्थी नियमित अध्ययन करें तथा विषय संबंधित अच्छी पुस्तकें पढ़ें। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की छात्राएं सही मार्गदर्शन तथा सुरक्षित वातावरण में है। यहा की नवागंतुक छात्राएं महाविद्यालय की पूर्व छात्राओं से प्रेरणा लें। शिक्षा मंत्री ने कहा कि एक कन्या शिक्षित होकर दो परिवारों का उद्धार करती है।

 

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने विभिन्न राजकीय सेवाओं में चयनित महाविद्यालय की पूर्व छात्राओं का सम्मान किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में बिन्नानी गर्ल्स महाविद्यालय के सचिव गौरीशंकर व्यास ने शिक्षा मंत्री डॉ. बी डी कल्ला को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा पंचारिया ने महाविद्यालय के इतिहास, क्रियाकलापों, प्रगति तथा गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।

 

इस दौरान राजस्थान महिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान की प्राचार्य सुमन जोशी, मुकेश बोहरा, डॉ. अशोक व्यास, डॉ. नरेश हर्ष, डॉ घनश्याम व्यास, कमलकांत व्यास, महेश पुरोहित, रविकांत व्यास, ललित पुरोहित, ऋचा जोशी, दीप्ति रंगा, सीमा बिस्सा, नरेंद्र शर्मा, राम कुमार व्यास, पल्लवी पुरोहित सहित महाविद्यालय के स्टॉफ मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन गजानंद व्यास ने किया।

About The Author

Share

You cannot copy content of this page