hellobikaner.in

Share

गुजरात । गुजरात के मोरबी जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। यहाँ नमक कारखाने की दीवार गिरने से पांच महिलाओं समेत 12 मजदूरों की मौत हो गई है। दीवार के मलबे में करीब 30 मजदूर दब गए थे। मृतकों और घायलों को जेसीबी मशीन की मदद से निकाला गया।

 

घायलों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। इनमें कईयों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

जानकारी के अनुसार हादसा हलवद GIDC स्थित सागर सॉल्ट नाम की एक फैक्ट्री में जिस समय दीवार ढही, तब वहां करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। ऐसी भी जानकारी मिल रही है कि कुछ मजदूरों के बच्चे भी उनके साथ थे, जो हादसे का शिकार हो गए हैं। हालांकि, बच्चों के बारे में कंपनी से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है।

 

घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान शुरू किया। घटना के बाद स्थानीय विधायक परसोत्तम सबरिया व कलेक्टर समेत कई उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि दीवार किस वजह से गिरी।

 

मृतकों के परिवार को 4-4 लाख रुपए की मदद
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपए और उनका पूरा इलाज मुफ्त करवाए जाने की भी घोषणा की है।

About The Author

Share

You cannot copy content of this page