hellobikaner.com

hellobikaner.com

Share

हनुमानगढ़ hellobikaner.com जिले में महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने, अधिकारों व कानूनों के प्रति सजग करने, लैंगिग समानता उत्पन्न करने, महिला अपराधों में कमी लाने व युवाओं और बालकों में महिला सुरक्षा व सम्मान का भाव जागृत करने के उद्देश्य से जिला पुलिस की ओर से (शनिवार, 17 अक्टूबर) से विशेष अभियान आवाज चलाया जाएगा।

 

जिला प्रशासन के सहयोग से ये अभियान 17 अक्टूबर से शुरू होकर अगले एक महीने तक चलेगा। एसपी राशि डोगरा ने बताया कि विशेष अभियान आवाज का आगाज 17 अक्टूबर को सुबह 11 बजे महिला थाना परिसर से किया जाएगा। जिसमें आवाज को लेकर बनाए गए पोस्टर और पंपलेट्स का विमोचन किया जाएगा। साथ ही जागरूकता रथ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में पुलिस के साथ साथ प्रशासन के शिक्षा, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता इत्यादि विभाग की ओर से सक्रिय भागीदारी की जाएगी। कार्यक्रम का प्रभारी अधिकारी एडीश्नल एसपी जस्साराम बोस को बनाया गया है। सहायक प्रभारी के रूप में उपाधीक्षक पुलिस अंतर सिंह और उपाधीक्षक महिला सेल होंगे।

एसपी राशि डोगरा ने बताया कि आवाज कार्यक्रम के इसी क्रम में 19 अक्टूबर को आंगनबाड़ी केन्द्रों, पंचायत भवनों, पीएचसी, सीएचसी, स्कूल, अस्पताल, बस स्टैंड, मुख्य मार्गों, पुलिस थानों में चस्पा करने का कार्य किया जाएगा। पोस्टर बनाने के लिए कार्टूनिस्ट मस्तान सिंह समेत पुलिस के अधिकारियों का सहयोग लिया गया है। पोस्टर में गरिमा हेल्पलाइन नंबर, जिला कंट्रोल रूम नंबर, थाना स्तरीय महिला एवं बाल डेस्क के नंबरों का अधिकाधिक प्रचार किया जाएगा। इसके बाद 20 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन ब्लॉक मुख्यालय पर संबंधित थाना परिसर में और उसके बाद जागरूकता रैली मुख्य मार्गों पर निकाली जाएगी।

थाना स्तर पर ”अपनी बात” कार्यक्रम का आयोजन-
एसपी ने बताया कि सभी थानाधिकारी बीट कांस्टेबलों, विभिन्न राजकीय कर्मचारियों जिला बाल अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी , एएनएम आदि व एनजीओ के सहयोग से 15 से 30 वर्ष तक के युवाओं को अधिकाधिक संख्या में शामिल करते हुए जागरूकता हेतु थाना स्तर पर अपनी बात कार्यक्रम का आयोजन 2 नवंबर को सुबह 10 बजे से किया जाएगा। इसमें महिला अत्याचार संबंधी कानून व महिला सुरक्षा व सम्मान बाबत आवश्यक जानकारी दी जाएगी। एसपी ने बताया कि पंचायत स्तरीय व थाना स्तरीय अपनी बात कार्यक्रम में एडीश्नल एसपी, उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी अपने क्षेत्राधिकार में महीने में कम से कम चार बार इनमें हिस्सा लेंगे।

ग्राम पंचायत पर अपनी बात बैठक का आयोजन-
एसपी श्रीमती राशि डोगरा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत ही प्रत्येक पंचायत स्तर पर महिला अत्याचार व बलात्कार संबंधी कानून के विषय में जागरूकता व इसके दुष्परिणामों बाबत आमजन को अवगत करवाने के लिए अपनी बात कार्यक्रम का आयोजन 4 नवंबर को सुबह 10 बजे किया जाएगा।  राजीविका के माध्यम से संवाद कार्यक्रम- एसपी ने बताया कि 6 नवंबर को सभी उपखंड मुख्यालयों पर राजीविका के माध्यम से संवाद कार्यक्रम कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।

नुक्कड़ नाटक समेत अन्य आयोजन-
एसपी ने बताया कि इसी तरह जिले में महिला अपराध, दुष्परिणाम एवं कानून संबंधी जानकारी हेतु 8 नवंबर को नुक्कड़ नाटक, कठपुतली कार्यक्रम के जरिए जागरूकता संदश दिया जाएगा। ऑपरेशन आवाज के अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार हेतु सभी उपखंड स्तर पर नुक्कड़ नाटक और कठपुतली कार्यक्रम के माध्यम से जागरूकता संदेश दिया जाएगा।
समापन समारोह 12 नवंबर की शाम 5 बजे महिला पुलिस थाना में ही होगा।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही जिला कलक्टर जाकिर हुसैन ने पुलिस की ओर से चलाए जाने वाले अभियान में सहयोग को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली थी। कलेक्ट्रेट में हुई इस बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देशित किया था कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर चलने वाले इस अभियान में ग्रामीण विकास, चिकित्सा सूचना एवं जनसंपर्क, शिक्षा, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग विशेष सहयोग करेंगे।

About The Author

Share

You cannot copy content of this page